शुक्रवार, 6 दिसंबर 2013

द्वंद

उस दिन अचानक ही सूझा
कि अब कुछ न कहेंगे ,

और बिना बात
ही शायद दूरियां बढ़ जाएँ।

पर ऐसा कहाँ होता है ,

एक पतंग की तरह ,
कुछ देर  तो मन भटकता है
इधर उधर ,

फिर वापस वहीँ लौट आता है
जिस डोर से बंधा होता है मन।

कल फिर से
शायद कोशिश करें

उस गली न जाने की ,

थोड़े दिन तो वो मोड़
याद नहीं आएगा ,

पर फिर ऐसा याद आएगा
कि जीना मुश्किल कर देगा।

टैगोर कहते हैं
कि खुद से जो लड़ाई है
वो ही बनाती है
आपका चरित्र ,

बात तो सही है ,

पर खुद से इस लड़ाई
में क्या हम अपने आप
का शोषण नहीं करते हैं ?

कहाँ तक उचित है
खुद को उस ओर
ले जाना जहाँ
आप जाना तो नहीं चाहते हैं ,

परन्तु उस ओर ही जाना
उचित हो उस समय ,

शंका ही शायद जीवन
कि सबसे बड़ी समस्या है ,

यदि हम समझ पाये
और खुद को यक़ीन दिला
पाएं

तो ये दिल और दिमाग
के बीच का  द्वंद कुछ कम हो जाए शायद।


...

उदास  दिन है , तमन्नाएँ उदास है मेरी ,
रुकी हुयी सी कहीं, लगता है सांस है मेरी,
फिर भी जाने क्यों ये आस है मेरी,

तुम भी आओगे और ये मौसम भी बदल जाएगा।

वो जो ख्याल था, वो सो गया है,
जो पहला ख्वाब था , वो खो गया है,
फिर भी याद है सख्श, वो जो गया है ,

वो भी आएगा और ये मौसम भी बदल जाएगा।

...

आग बरसेगी , शोला बरसेगा,
वक़्त आने पे वो भी बरसेगा।

एक अर्से सो जो नहीं है बरसा,
चोट खाने पे वो भी बरसेगा।

सबकी मुश्किलों में मज़ा लेता है,
खुद पे आएगी तो वो भी बरसेगा।




बुधवार, 27 नवंबर 2013

ग़ज़ल,

उनको करीने से सजा रखा है ,
ख्वाब जो सीने में दबा रखा है।

मंज़िल की खबर नहीं है अब कोई  ,
जाने उसको , हमने कहाँ रखा है।

हसरतें पाने कि अब नहीं कोई ,
हमने अबतक , बहुत गँवा रखा है।

दर्द से हमको अब नहीं शिकायत ,
हमने उसका नाम भी दवा रखा है।

कुरेदते क्या हो सीने में मेरे ,
अब इस राख में क्या रखा है।

सब कुछ लुटा दिया है हमने "शाहिद ",
अपने लिए कुछ, फलसफा बचा रखा है।



परिंदे

परिंदे आजकल बाहर शोर नहीं करते ,

पार्क  के किनारे वाला पेड़ कोई
काट के ले गया है।

वो आते हैं और घरोंदा
तलाश करके वापस लौट जाते है।

क्या कोई सोचता है वाक़ई
दूसरों के बारे में ,

लोग बस मशगूल हैं
जीने कि जद्दो जहद में ,

लेकिन ऐसा जीना भी क्या

जो दूसरों के जीने के
हक़ कि परवाह नहीं करता।

पुल

कभी कभी लगता है
ये पुल किसलिए बना  रहा हूँ ,

क्या ये पहुँचायेंगे मुझे उस पार

वहाँ जहाँ जाने से सफ़र की
थकान दूर हो जाती है,

क्या  होगा ऐसा कभी?

या फिर ये पुल कभी  पूरे 
ही नहीं  होंगे  ,

और मैं उन में से एक
अधूरे पुल के कोने पर खड़े होकर ,
उड़ जाऊँगा उस पार ,

वहाँ ,
जहाँ से कोई वापस नहीं आता।



मंगलवार, 12 नवंबर 2013

वक़्त क्या कुछ नहीं होता

वक़्त क्या  कुछ
नहीं होता  ,

जब अच्छा हो तो
नए और लाजवाब किस्सों
कहानियों का सबब बनता है,

जब बुरा हो तो कड़वी याद
बन कर ता-ऊम्र सबक
सिखाता रहता है,

मुश्किल हो
तो एक अच्छे दोस्त कि तरह
जीने के तरीके सिखाता है ,
देखने और समझने कि क़ूवत
पैदा करता है,

वक़्त जब गुज़रा हुआ
होता है, तो साये
की तरह साथ चलता है,

और आने वाला वक़्त सपने दिखता है,
ज़िंदगी में उम्मीद लाता है

एक वक़्त ही तो है
जो हमेशा साथ चलता है,

लोग पीछे छूट जाते हैं,
नए लोग शामिल हो जाते है,
पर वक़्त अपनी रफ़्तार से
कभी  तेज़ , कभी धीरे

हमारे सफ़र का गवाह बना रहता है,

सोमवार, 28 अक्टूबर 2013

ख्वाब के पौधे

ख्वाब देखने से भी ज्यादा ज़रूरी है
ख्वाब देखते रहना,

ख्वाब एक ऐसे पौधे की तरह
होते हैं
जिनकी सींचना पड़ता है
खून पसीने से,

और तब तक उन्हें
बचा के रखना पड़ता है
समाज के थपेड़ों से

जब तक वो खुद
खड़े होने लायक न बन जाएँ

और फिर
एक लम्बे इंतज़ार
के बाद ख्वाब एक फलदार
पेड़ बन जाते हैं।

गुरुवार, 12 सितंबर 2013

तुम्हारे पास

क्यों लगता है
फिर से खो जाऊँगा
वहीँ

जहाँ से लौट आया था मैं
बहुत पहले,

या कभी लौटा ही नहीं

तुमको देखता हूँ तो लगता है
कि  ठहर जाऊंगा अब

तुम्हारी  गोद में सर रख के सो जाऊंगा
फिर उसी नींद में जब

आँख डर के अचानक
नहीं खुलती,

जब जिंदगी का आज
कल के लिए  बेचैन नहीं रहता।

लगता है संभाल  पाओगी
तुम मुझे,

फिर भी नहीं छोड़ पाता
खुद को तुम्हारे पास





रविवार, 8 सितंबर 2013

सवाल -जवाब

ढेर सारे सवाल
और जवाब वही घिसे पिटे

नए दौर में जवाब
बदलने चाहिए

वैसे जो सूट करे
आपके मिजाज को,

न कि  दोहराए वो

वही राग जो अब कोई
सुनना  नहीं चाहता।