शनिवार, 13 दिसंबर 2014

तुम

तुम जीती हो 
क्योंकि जीना है तुम्हे 

और एक मिसाल क़ायम करनी है 
हम सबके लिए 

तुम्हारे तजुर्बे जब बन जाएंगे 
क़िस्से कहानियों का हिस्सा 

तब भी तुम रह जाओगे 
यहीं 

औरों के बीच 
औरों के साथ 

मेरे करीब

मेरे करीब कांटे हैं
और दर्द का सागर है

तुम जो आओगे पास 
तो चुभ जायेंगे कांटे
और छलनी कर दे़ंगे तुम्हारा दिल

हमारे पास कुछ नहीं देने को 
सिवा ईक दर्द के मौसम के

वो मौसम जो पूरे साल एक सा रहता है
कभी नहीं बदलता

आज लगा कि वो मौसम
पहुँच गया तुम्हारे पास

हमारे लाख न चाहने के बावज़ूद

तुम

सुबह की पहली किरन सी
तुम 
रोशनी लेकर आती हो

कोई जादू सा आता है तुमको

कभी शोख नजर से 
कभी बातों की शोखी से

दिल को अपना बनाती हो

तुम आरजू हो
तुम जुस्तजू हो

जो एक ख्वाब के सहारे
दिल में पैबस्त हो

सुबह फिर भी तुम्हें
खामोश रहके याद करती है

मेरे हिस्से का वक़्त

मेरे लिए तुमने 
वक़्त को थामा है बहुत

कई दफे दूसरों 
से छीना है मेरे हिस्से का वक़्त

इतनी शिद्दत से कौन 
किसको याद करता है

तू जो करता है 
वो दुनिया में कौन करता है

तू खुदा की कोई अमानत हो जैसे
मेरे हंसने की ज़मानत हो जैसे

यूँही दुनिया में कोई बेक़रार नही होता

हज़ारों ख्याल

जब वक़्त होता है बहुत 
तो हज़ारों ख्याल आते हैं

कुछ तुम्हारी ज़ुल्फ़ों में उलझ 
जाते हैं 
और कुछ तुम्हारी आँखों 
में डूब जाते हैं

फिर एक खालीपन होता है
ख्यालों का 

लेकिन तब भी तुम पास होती हो
पहले से कहीं ज़्यादा पास

और फिर ढूँढने लगता है
दिल
एहसास की वजह
बेताबी की वजह

जवाब तो कुछ नहीं मिलता
लेकिन सवाल करना अच्छा लगता है

जैसे ज़िन्दगी एक सवाल से
दुसरे सवाल पे जाने का नाम हो

रविवार, 26 अक्टूबर 2014

दरिया

तुमने देखा है कभी
अपनी आँखों में ग़ौर से

वो जो दरिया बहता है,

यूँ  तो हर रोज़ बहता
रहता है ,

कभी मध्धम मध्धम
और कभी उमड़ने को बेचैन,

पर उस दिन क़ैद हो गया
वो तस्वीर में ,

दिए की रौशनी की परछाई
नज़र आई दरिया में,

और ठहरा हुआ सा दरिया

गुलाब के फूल की पंखुड़ियों की तरह
गुलाबी हो गया,

मानो शरमा गया हो,

दरिया की मछलियाँ
ये देख के इतरा गयीं,

और दरिया ने अपना रुख
बदल दिया जैसे,

और बहने लगा उस ओर
जिधर सेहरा सी वीरानी थी ,

और उस बंजर में भी फूल
खिलने लगे फिर से।  

शुक्रवार, 24 अक्टूबर 2014

ग़ज़ल,

इक दिया दिल में जला लो यारों 
फिर चाहे आग लगा लो यारो। 

रौशनी है तो अँधेरा न होगा,
उसको अपने पास बुला लो यारों। 

मुस्कुराहटों से लगे है चोट दिल में ,
थोड़ी सा और रुला लो यारों। 

हार और जीत  है तुम्हारा मसला,
जीतकर मुझको हरा लो यारों। 

कहीं हो दाग़ जिस्म पर तो छूट जाएगा,
दिल पे कुछ दाग लगा दो यारों। 

यूँ तो क़िस्मत ने कई बार आज़माया हमको 
तुम  भी एक बार आज़माअो यारों।  


मंगलवार, 21 अक्टूबर 2014

ज़िंदगी

ज़िंदगी वहाँ नहीं है
जहाँ अँधेरे कोनों में बैठे
ढूंढ रहे हैं आप

ज़िंदगी तो खुले आसमान के नीचे
गुनगुनी धूप में है,

ज़िंदगी मेज़ पर बैठकर ली गयी
चाय की चुस्कियों में है,

ज़िंदगी उदास चेहरों से दूर
कहीं से आती मीठी हँसी में है,

सो ज़िंदगी को वहाँ क्योँ ढूँढे
जो उसका पता ही नहीं,

क्यों ना आज से ढूढ़ने का लहज़ा
बदले ,

चलें उस ओर
जहाँ नहीं देखा पहले,

किसी की मुस्कराहट की वजह बन जाएँ।

और फिर अपने आप
लौट आएगी वो ज़िंदगी

जिसकी तलाश है ,

यही चाहते हैं न आप ?

फिर न कहियेगा  किसी
ने बताया नहीं।


गुरुवार, 9 अक्टूबर 2014

सवाल-जवाब

वो शिकायत करते हैं ,
बदलते वक़्त की
बदलते चेहरों की
बदलते मौसम की ,

क्यों इतनी जल्दी बदल
जाते हैं लोग?

इस सवाल का क्या जवाब होगा?

सोचता हूँ कि वो जवाब दूँ
जो सच है।

पर क्या वो सच सुनना चाहते हैं ?

नहीं।

उन्हें जवाब चाहिए ,
वो भी वो जो उन्हें पसंद आये।

जवाब जो उन्ही पहले से मालूम है।
जवाब जो तसल्ली दे।

मै भी जवाब देता हूँ,
कि अब जवाब मेरी तरफ नहीं आते।

मुझे देख किनारे से मुड़ जाते हैं।

पर मेरे पास जो जवाब हैं
वो हैं भी या नहीं
ये पता नहीं।

पर लगता है,
वक़्त जो बदल रहा है
वो इसलिए
कि  आप उसे खड़े होकर देख रहे हैं।

लोग बदल गए से लगते हैं
क्योंकि वो बढ़ गए हैं
मील के किसी और पत्थर पर ,

रास्ते की धूल मिट्टी ने बदल दिया है
दिल भी और चेहरा भी।

और मौसम का क्या है,
वो तो बदलते ही रहते हैं। 

रविवार, 21 सितंबर 2014

इंसानियत

राह चलते कौन आपको पहचानता है
ये भी बता देता है बहुत कुछ,

वो कोने का सब्ज़ी वाला या जूस वाला
जो आपको भैया कह के आवाज़ लगाता है,

और एक छोटी सी झिड़की कि
"छुट्टे ले के आने हैं तुझे"
इतना सुनकर ही दौड़ पड़ता है,

दो छोटे बच्चे पहचान लेते हैं आपको
वो जिनका बचपन छिन गया है उनसे

और खिलाने चल पड़ते हैं आप

बेगाने शहर में जहाँ मुठ्ठी भर यक़ीन
भी बहुत मुश्किल से मिलता है,

वहाँ थोड़ा ज़्यादा दिल को खुश
कर देता है।

इंसानियत कैसे ढूंढें खुद के अंदर
वो भी तब जब दूसरों में उसके न होने
का रोना रोते हैं हर रोज़,

ये  सवाल परेशान तो करता था
पर जवाब कुछ आज मिला
थोड़ा सा,

कि "दीद की ख्वाहिश है तो नज़र पैदा कर"