बुधवार, 14 जनवरी 2015

साथ

साथ कितना चाहिए 

इतना की 
हाथ पकड़ के कह पाएं कुछ 
जो ऐसे नहीं कह पाते 

या फिर इतना जो कल 
याद करें तो सालों याद करते रहें 

क्या होता है जब 
ज़्यादा वक़्त भी थोडा लगता है

और कभी कभी थोडा
वक़्त भी बहुत ज़्यादा

जैसे खर्च न हो पाये

मंगलवार, 13 जनवरी 2015

"भर जाओ"

सर्दियों में कहते हैं 
कि  पुराने दर्द वापस आ जाते हैं,
और परेशान करते हैं,

सालों पुराने दर्द 
जो शायद भूल गए हैं आप 

ये भी याद नहीं 
कि  चोट कब और कहाँ लगी थी,

लेकिन जो  उठता है दर्द ,
तो जिस्म का वो हिस्सा याद करता है 
वो सारे मुक़ाम 

और दिल भी कहता है जख्मो से 
कि "भर जाओ"


आजकल

आजकल बातें कम रहती हैं 
तुम्हारे पास 
जैसे कुछ नया होता नहीं 
कहने को

जैसे हर चीज़ का असर
कम होता जाता हो धीरे धीरे 

पर कुछ चीज़ें तो बढ़ती 
घटती रहती हैं न 
चाँद की तरह

हम लोगों को भी होना चाहिए
चाँद की तरह

और हर महीने
नया सा बन के आ जाना चाहिए
अपने आसमान में

गुरुवार, 8 जनवरी 2015

उम्मीद

तुझमे एक उम्मीद सा जलता है कुछ
उसको तूफानों से बचाये रखना 

वक़्त के साथ कम हो जाती है 
वो उम्मीद 
इसलिए कुछ ख्वाबों की लकड़ियाँ चुन के 
वक़्त वक़्त पे दिल के चूल्हे 
में झोंक देना 

ये जो उम्मीद है वो बरकरार रखती है एक गर्माहट ज़िन्दगी में 

और बचाये रखती है चेहरे की रौनक

वरना नाउम्मीद चेहरा
दूर से ही
एक सूखे पेड़ जैसा
अलग से नज़र आता है

रविवार, 28 दिसंबर 2014

मेरी उम्मीद है तेरी सूरत 
तेरी चाहत है इख़्तियार तेरा

शब् ए गुलज़ार हैं आरजुएं तेरी 
शब् ए बेज़ार है इंतज़ार तेरा



हाल-ए दिल किसको बताएं जो तुम न हो 
किसी को क्यूँकर बताये जो तुम न हो।

दिल ये कहता है मुस्कुराया जाए 
लब ये मुस्कुराएं कैसे जो तुम न हो।


ग़ज़ल,

शब ए हिज़्र में जाना कि मुहब्बत क्या है
मर्ज़ ए दिल क्या  है, वस्ल की राहत क्या है।

रोकना दिल को, छुपाना हो हाल चेहरे से
कीमत ए शौक़ क्या  है,दर्द की हालत क्या  है।

जाना उसकी गली और फेरना नज़र उस से
ज़ब्त ए दिल क्या  है,पुरज़ोर अदावत क्या  है। 

बुधवार, 17 दिसंबर 2014

क्यों

क्यों चाँद बिलखता है
क्यों तारे रोते हैं
इतनी बेचैनी में
क्यों लोग वो सोते हैं
दिल की गहराई में
क्या आग लगायी है
क्यों ख़्वाबों के घर पे
बदली सी छायी है
क्यों घुप्प अंधेरा है
क्यों दूर सवेरा है
दिल दूर नही तुझसे
तू पास हमारे है
चलते हैं कश्ती में
नहीं दूर किनारे हैं

शनिवार, 13 दिसंबर 2014

जादू के सारे हिस्से

एक दिवाली
तीन इतवार 
और तुम्हारा लम्स 

दिवाली के दिए ने 
एक आग जलायी थी 

और वो आग 
शोले में तब्दील हो गयी 

टेबल के दूसरी तरफ 
तुम्हारा होना 
जादू का 
एक हिस्सा था शायद 

दूसरा प्लेटफार्म की 
रेलिंग से खुल गया 

और फिर संतरे के 
छिलके की तरह पर्दा हटा 

जादू के सारे हिस्से 
नज़र आने लगे 

तुम बहुत याद आओगी

तुम्हारा लम्स 
रह जाएगा होंठों पर 

नहीं उतरेगा मेहँदी के 
रंग की तरह हथेलियों से 

और जो नज़्म तुम्हे 
पढ़ के सुनाई थी "मुलाक़ात" 

उस से उठा "दीवानगी का आलम"
बरसों बरसेगा 
दिल के घाट पर 

तुम्हारी हथेलियों की 
तरह सर्द होंगी जब मेरी रातें 

तुम बहुत  याद आओगी 

धड़कनें जब तेज़ होंगी 
साँसों में तूफ़ान होगा 
और हम चाँद पे एक कश्ती 
में तैरने  के ख्वाब देखेंगे 

तुम बहुत याद आओगी 

जब भी मेरे पाँव 
किसी के पाँव से टकराएंगे 
कोई जब कंधे पे चिकोटी 
काट के जगायेगा 

तुम बहुत याद आओगी 

जब भी कोई क्लिफ 
कहीं बिस्तर पे गिरा नज़र आएगा 
कान पे उँगलियाँ 
जब फेर कोई जाएगा 
मेरे गालों को कोई हौले 
से सहलाएगा 

तुम बहुत याद आओगी