गुरुवार, 8 नवंबर 2018

ग़ज़ल,

कौन सा दिया, जला रहे हो तुम,
क्यों रोशनी को ला रहे हो तुम ।

कौन होते हो तुम, ये सब पूछें,
क्यों ये बातें बना रहे हो तुम ।

आग का बैर, तो है पानी से,
क्यों ये पौधे जला रहे हो तुम ।

लोग तुमसे हुए हैं, सब रूठे,
क्यों फिर मुस्कुरा रहे हो तुम ।

शोर बरपा है, चीख फैली है,
क्यों ये मातम मना रहे हो तुम ।

सबसे झगड़ा है, प्यार है किस से,
क्यों चोट दिल पे खा रहे हो तुम ।

कौन सा ख्वाब पड़ गया है पीछे,
क्यों ये आँखे सुजा रहे हो तुम ।

किनारा

और मैं देख रहा था
किनारा
उस तरफ की दुनिया
धुँधली सी
हल्की रोशनी सूरज की
एक टूटी डाल नदी के बीच
चिड़ियों का एक झुंड
पानी पीता हुआ

हरे पौधे
खिले हुए फूल
चमकते चेहरे
जन्नत को याद करते हुए इंसान
रहमत को याद करते हुए इंसान
और मैं इस किनारे बैठा
देख रहा था
दुनिया का आखिरी सिरा

लाल सुर्ख सूरज
कड़ी धूप
भूख से बिलबिलाते कुत्ते के पिल्ले
भगवान को याद करते इंसान
इंसान को याद करते इंसान
शैतान को याद करते इंसान

मैं देख रहा था
बेबस और लाचार
खुदा भी देख रह था
बेबस और लाचार ?

परेशान आदमी

खुद भी परेशान होता है
दूसरों को भी परेशान करता है
एक परेशान आदमी,

आईना तलाश करता है
दूसरों को दिखाने के लिए
आईना तलाश करता है
खुद को देखने के लिए

मुश्किलों से जब लड़ता है
एक परेशान आदमी,
किनारा ढूँढता है 
मझधार में फँसा
रोशनी ढूँढता है
अँधेरे से घिरा
जब आरज़ू दम तोड़ देती है
उम्मीद ढूँढता है
एक परेशान आदमी ।

कोशिशे करता है,
ज़िन्दगी से लड़ता है
जो बन पड़े वो सब करता है,

लोगों की सुनता है,
हाथ भी फैलाता है,
जब कोई मदद नहीं आती,
तो अन्दर से टूट जाता है,

फिर हार कर खुदा को
याद करता है
एक परेशान आदमी ।

झूठ-सच

झूठ पहले भी बोला जाता था,
झूठ अब भी बोला जाता है,
झूठ पर लोग पहले भी भरोसा करते थे,
झूठ पर लोग अब भी भरोसा करते हैं,
सच कहने वालों को
पहले भी सूली पर चढ़ाया जाता था,
सच कहने वालों को
अब भी सूली पर चढ़ाया जाता है,
गैलिलियों ने सच कहा तो उसे मार दिया गया,

उस समय के उनके विरोधियों के बारे में
अब हम नहीं पढ़ते हैं,
अब हम
गैलिलियो के बारे में पढ़ते हैं।

क्योंकि अब हम देख सकते हैं वो
जो गैलिलियो ने अपने टेलीस्कोप से देखा था ।

वो जाहिल लोग जो उस समय थे,
वैसे ही जाहिल लोग अब भी हैं,
जाहिलियत से बड़ा कोई गुनाह नहीं,
जाहिलों को याद नहीं रखा जाता,
उनकी मिसाल नहीं दी जाती,
एेसे लोग उसी पेड़ को काटते हैं,
जिस पर वो बैठे होते हैं,

अगर कालिदास को तब ना टोका गया होता,
जब वो डाल काट रहे थे,
तब वो कालिदास नहीं बनते,
कालिदास बने,
क्योंकि किसी ने उन्हें बताया
कि अगर पेड़ की डाल काटोगे
तो नीचे गिर पड़ोगे,

इसलिए आईना दिखाने वालों की जरूरत
हर दौर में होती है,
अँधेरे दौर में ज्यादा होती है,

बरतोल्त बेख्त ने कहा था,
"क्या अँधेरे वक्त में भी गीत गाये जायेंगे,
हाँ, अँधेरे वक्त के गीत गाये जायेंगे,"
इसलिए सच को ढूँढिए,
हो सकता है आप भी मार दिये जायेंगे,

लेकिन अगर आपने सच को ढूँढा है,
तो आप जियेंगे,
अपने सच के साथ ।

एक कुत्ता

आज एक कुत्ता
एक बच्चे को खा गया,
कुत्ते के मालिक ने कुत्ते
को मार दिया ।
कुत्ते के मालिक ने फिर खुद को मार दिया।

गलती की सज़ा मिल गयी,
तीन जाने चली गयी।

लोग बच्चों से प्यार करते हैं,
लोग कुत्तों से प्यार करते हैं,
दोनों को ही प्यार से
माई बेबी, माई बेबी कहते हैं ।
मुझे कुत्तों से डर लगता है,
अब इस घटना के बाद ज़्यादा लगेगा ।

लोग कुत्ते क्यों पालते हैं?
कहते हैं कि वफादार होते हैं ।
होते होंगे वफादार,
पर खतरनाक होते हैं,
इंसान भी तो खतरनाक होते हैं ।
होते होंगे खतरनाक,
पर इंसान ही पालने चाहिए,
चाहें वो आस्तीन के सांप ही क्यों न निकलें ।

झूठ का एक पुलिंदा

झूठ का एक पुलिंदा हो
तुम,
बांट रहे हो झूठ
सबको बराबर बराबर,
लोग खर्च कर रहे हैं
अपना समय और ऊर्जा,
तुम पर,
तुम्हारी झूठी बातों पर,

जब एक पुराना हो जाता है,
तुम नया गढ़ लेते हो,
लोग तुम्हारे झूठ पर
इतना यकीन करते हैं,
जितना वो ऊपर वाले पर
भी ना करते हों।

अच्छा चल रहा है ,
झूठ का कारोबार,
नफरत का कारोबार,
अगले साल जब
फसल उगेगी,
तो लोग झूठ काटेंगे,
उनके बच्चे पलेंगे,
तुम्हारे बोये झूठों पर,

तब तक
जब तक कि एक सच कहने वाला
नहीं आता,

तब तक
जब सच को सच
मानने वाले नहीं आते ।

तुम्हारा झूठ
और उसका सच
मिलेंगे इक दिन,
तब तक भले देर हो जाये ।

काँच के सिक्के

कुछ पहेलियाँ हैं
काँच के सिक्कों की तरह,
जिनके आर पार दिखता है,
पर मोल समझ नहीं आया।

किसी नये तुगलक ने
चलाये हैं काँच के सिक्के,
कहता है कि
रूपया काला हो गया है।

कुछ दोहे हैं,
गाय के गोबर की तरह,
जहाँ गिरते हैं
वहीं रह जाते हैं ।

लिखे तो गये थे
कि पढ़े जायें
लेकिन
सूखने पर जलाने के काम आते हैं ।

कुछ लोग हैं
जानवरों की तरह,
जो इंसान तो नज़र आते हैं,
पर इंसानी पहचान से महरूम,
नये वक्त में इनकी बहुत माँग है,

काँच के सिक्कों की,
गोबर से दोहों की,
और इंसानी जानवरों की।

तुम्हारी बातें

तुम्हारी बातें
दो खामोशियों के बीच
का एक अंतराल हैं।

उन खामोशियों में यूँ तो हर 
कुछ होता है,
एहसास तुम्हारे,
यादें तुम्हारी,
तुम्हारी खुशबू,
पर जो नहीं होती
वो है आवाज़,

मीठी मधुर,
प्यारी प्यारी,
घी में घुली शक्कर
जितनी मखमली,
तुम्हारी बातों में
क्या कुछ नहीं होता ?

जीवन की आशा,
जीने की इच्छा,
चाहने की भूख,
न चाहने की निराशा,

सुर्ख आकाश की
लाल उर्जा से लबरेज,

कहाँ से लाती हो ये सब?
ये सारा कुछ,

हवा से भेज दो थोड़ा
मुझे भी,
कर लो बातें फिर से अंतराल के बाद ।

ग़ज़ल,

मैं हूँ सूली पे चढ़ने को तैयार मेरी जान ए जिगर /
तुम मेरे इश्क में गिरफ्तार नज़र आओ तो ।

हाँ मैं मरहम भी तैयार किये देता हूँ /
दर्द ए दिल से लाचार नज़र आओ तो ।

चलेंगे एक ही कश्ती में चाँद तक जानाँ /
तुम इस सफर को तैयार नज़र आओ तो ।

मैं झुक जाउँ तुम्हारे प्यार में बरगद की तरह /
तुम भी पीसा की मीनार नज़र आओ तो ।

ग़ज़ल,


बहुत सीधी सड़क है और मैं हूँ,
थोड़ी उठा पटक है और मैं हूँ ।

सामने आईना है और मैं पीछे,
अक्स आगे है कहीं और मैं हूँ।

कौन दिखता है जब ढूंढा है मैंने,
है सर पर हाथ मेरा, और मैं हूँ।