बुधवार, 16 जनवरी 2019

तुम आ जाओ

नज़्म
*****

तुम आ जाओ
*****

मैंने लिखी है छोटी सी दास्ताँ,
एक चेहरे और एक ख्वाब की,
एक हिस्सा अब भी अधूरा है,
तुम आ जाओ तो पूरा करूँ।

थोड़ी चाहतों की है चाशनी,
थोड़ी हसरतों का है शोरबा,
मैं बना रहा हूँ कुछ नया,
तुम आ जाओ तो पूरा करूँ।

मेरा दिल है अब भी धड़क रहा,
मेरी सांस है अब भी चल रही,
मैं जला रहा हूँ च़राग़ को,
तुम आ जाओ तो पूरा करूँ।

तरतीब नहीं किसी बात की,
नहीं बात है इक रात की,
ये फसाना चलेगा उम्र भर,
तुम आ जाओ तो पूरा करूँ।

बड़ी लंबी ये ग़म की रात है,
मेरा साया न अब मेरे साथ है,
मैं तन्हा ही चल तो पड़ा हूँ पर,
तुम आ जाओ तो पूरा करूँ।

~शाहिद

जन्नत का ख्वाब

जन्नत का ख्वाब
एक एैसा ख्वाब है
जिसको दिखाने से सब कुछ हो सकता है।

ये ख्वाब 
लोगों के लिए एक नशा है।
लोग जन्नत में इतना यकीन करते हैं,
कि आंखों के सामने दिख रहा सच
छलावा लगता है ।

लोगों को कह दिया जाता है कि
बस इतना सह लीजिए,
सब्र कीजिए,
उसके बाद सब आसान हो जायेगा।
लोग इस अफवाह पर यकीन कर लेते हैं।

जो यकीन नहीं करते
उनको जबरन मनवा दिया जाता है।
सवाल न तो दुनियावी जन्नत के बारे में
किया जा सकता है,
न तो आसमानी जन्नत के बारे में
किया जा सकता हैं,
सवालों से जन्नत के सौदागर खौ़फ खाते हैं ।

गुरुवार, 8 नवंबर 2018

कोई सुरूर

मेरी सुबह हो तुम
मेरी शाम हो
जिसे पुकारता हूँ घड़ी घड़ी
उस उल्फत का तुम नाम हो

तुम दीन मेरा
ईमान हो
तुम जान हो
अरमान हो

तुमसे दूर रहने में कुछ नहीं

तुम ख्वाब हो
तुम रात हो
तुम बेसबब कोई बात हो

जिसे भूल भी कभी ना सकूं
तुम वो हसीन मुलाक़ात हो

मेरे दिल का तुम जज़्बात हो
सेहरा में तुम बरसात हो

मेरी आँखों का तुम नूर हो
जन्नत की कोई तुम हूर हो
कुछ और दिल में हो न हो
मेरे दिल में तुम तो ज़रूर हो

खुदा ने मुझको था पिला दिया
तुम उसी का कोई सुरूर हो

तुम्हे चाहना ही है चाहता
दिल कुछ और तो नही चाहता

तुम्हे देखना हो कभी कभी
हो कभी कभी कुछ हिमाकतें
थोड़ी लर्जिशें थोड़ी शोखियाँ
तेरे दिल में भी बची रहें

मेरे दिल में जलती जो आग है
थोड़ी तेरे दिल में बची रहे

गुबार

सुबह से शाम की भाग दौड़
और लोगों की तमाम शिकायतें
इस उम्मीद पे खरा उतरना की
आप कुछ ठीक कर सकते हैं

तमाम तरह की ज़ोर आज़माइश

ख़ुशी इस बात की
कि लोगों को कम से कम
आपसे उम्मीद तो है

क्या हुआ जो आप ज़्यादा
कुछ नहीं कर पाते
आप सुन सकते दुःख और तक़लीफ़
सुनने से हल्के हो जाते हैं लोग
और आप भर जाते हैं

आपको भी चाहिए वक़्त
खाली होने के लिए
सुनाने के लिए

इसलिए कुऐं के पास
जाके चीख लीजिये
हल्का हो लीजिये

पर ध्यान से
कोई सुन न ले
क्या कुआँ भी भर जाएगा
गुबार से ?
शायद

प्यार

जब दरिया में पानी कम हो जाता है
तो लहरें भी कम उठती हैं

और पानी में फेंका हुआ पत्थर
किनारे पर नही आता 
वही बीच दरिया में डूब जाता है

प्यार भी ऐसा ही होता है शायद

दर्द

दर्द ज़्यादा तो नहीं है
थोड़ा है
एक मुठठी

और कतरा कतरा 
रिस रहा है

कम हो रहा है
कि नहीं
ये पता नहीं

उलझन भी है थोड़ी सी
सर पे पाँव के बल
चल रही है
उतरना नहीं चाहती

तो क्यों न
दोनों के साथ ही चला जाए

अकेले चलने से तो अच्छा ही रहेगा |

यकीन

ढेर सारी बातें हैं कहने को
पर कभी लगता है कि
सब गैर ज़रूरी हैं जैसे

समझ नही आता 
दोस्ती के कौन से दायरे में
रहना ज़्यादा ज़रूरी है?

वो कि जिसमे
सारी उलझने साझा
कर ली जाएँ

या कि वो जिसमे
बस अच्छी बातें हो
बिना किसी ड्रामा के

मुश्किल होता होगा तुम्हारे
लिए भी
है न ?
सबसे मुश्किल है
अनकहे का बोझ उठाना
और उसपे ये उम्मीद
कि जो नही कहा
वो दूसरों को पता चल जाए

दरअसल हम बात कम
पहेलियाँ ज़्यादा बुझाते है
सीधी बातें तक़लीफदेह
होती हैं शायद

याद करना भी एक अलग मुश्किल है
उसमे भी ये लगना की शायद
इसका कोई मतलब नहीँ
कभी कभी ये भी लगता है
की कोई फ़र्क़ नही पड़ता होगा

दुसरे पल ये बात भी झूठी मालूम
होती है
उस पर ये वक़्त
जो हमेशा कम पड़ जाता है

जी करता है
थोडा ज़्यादा वक़्त मांग लेते
तुम्हारे लिए
खुद के लिए

पर अधूरा वक़्त ही तो सच्चाई
के ज़्यादा क़रीब है
शायद तुम सब समझती हो
काश मुझे भी यकीन हो जाए

नया साँचा

और तुम भी उन जैसे हो
उनमे और तुम में कोई फ़र्क़ नहीं
लोग तुम्हें भी झूठा समझते हैं

तुम जो देखते हो खुद को
वो दूसरों को नज़र नहीं आता

दुसरे तुम्हारी बातों पे गौर करते हैं
मतलब निकालते हैं
और बाकी दुनिया की तरह
समझ लेते हैं तुमको भी

जो दिल के कोने हैं
वहाँ रौशनी नहीं जाती
इसलिए देख नही पाता कोई

आसान होता है
बने बनाये सांचों में लोगों को डालना
कोई नया साँचा नहीं बनाता
तुम्हारी माप का

इसलिए बातों को तौल के बोलो
वरना लोग पहले तुम्हारी बातों से नफरत करेंगे
फिर तुमसे करेंगे

और यकीन नही दिला पाओगे उन्हें
कि जो वो देख रहे हैं
वो पूरी तस्वीर नहीं है

अचानक

दिल को कुछ नया हुआ सा है
जैसे किसी पौधे की 
नई शाख उग आई हो,

अचानक से होती चीज़ें
नज़र तब आती हैं 
जब आप पीछे देखते हैं

वक़्त अजीब शै है
जो उजाड़ने और बसाने का काम
बिना रुके करता रहता है,

हमेशा बुझा सा रहने वाला
अगर दरिया के पास चला जाए
तो प्यास नहीं रहती,

मौसम जो कभी सूखा सा हो
बदलने में ज़्यादा वक़्त नहीं लगाता,

और फिर वही वक़्त 
अचानक से बदल भी देता है
अच्छे मौसम को बुरे मौसम में भी

आखिरी सफ़र

ज़िन्दगी तुम्हारे साथ ऐसे ही गुज़रनी चाहिए
जैसे स्टेशन पे बैठे हम दोनों
एक दुसरे की बातों में डूबे हुए
आखिरी सफ़र तक साथ चलते रहें

दुनिया की सीट का एक कोना
हमारा हो,
जहाँ तुम बैठ सको पाँव ऊपर करके,
और हम देखते रहें बदलते मौसमों को

और एक डस्टबिन हो पास में
जहाँ अपनी सारी परेशानियां हम डंप कर सकें
प्यास लगे तो हो पानी का चश्मा
वहीँ कहीं
जिसके सहारे थकान दिन की तुम मिटा पाओ

हो इंतज़ार किसी बात का तो बस थोड़ा हो
पहुचना हो कहीं तो पुल तो वक़्त बना देगा
हमको इस पार से उस पार भी करा देगा

तुम भी पूछ लेना किसी से की क्या रास्ता है वही
यूँ न हो दौड़ मंज़िल की लगानी पड़े हमको
और तुम कहीं फिर पीछे मेरे रह जाओ
मैं फिर वापस आकर साथ तुमको ले जाऊँगा

यूँ न हो तुम तो सफ़र पर निकल पड़ो तनहा
हम फिर बाहर से इशारे करें तुमको
तुम न देख पाओ मेरे हिलते हुए हाथों को

लौटना ना पड़े हमको अकेले घर की तरफ
फिर उन्हीं रास्तों से जिन पर हम हों साथ चलें
ज़िन्दगी हो तो साथ तुम्हारे
वरना फिर कैसे
ज़िन्दगी कैसे गुज़रेगी सूनी रातों सी