हम ख़याल
सोमवार, 20 जनवरी 2014
त्रिवेणियाँ
कुछ साये छोटे होते गए और ग़ुम हो गए कहीं ,
ठीक उसी वक़्त जब सूरज सर पर था ,
शायद इसीलिए वो रौशनी से डरता है।
सुकून
बाज़ार में मुठ्ठी भर बेसब्र लोग
तलाश रहे हैं सुकून ,
कहाँ बिकता है ?
और कहाँ मिल पायेगा ?
थक के जब निकलते हैं
और जब
एक फ़क़ीर को देते हैं
चन्द सिक्के
तो खुदा याद आता है,
सुकून भी वहीँ मिले शायद।
बुधवार, 15 जनवरी 2014
वक़्त का पहाड़
खाली बैठे
वक़्त का पहाड़
चढ़ना अच्छा लगता है।
ठीक वैसे ही
जैसे सचमुच का
कोई पहाड़ चढ़ रहे हों।
रास्ते में झाड़िया
आती हैं जब
वक़्त कुछ उलझा
हुआ मालूम होता है ,
कभी कभी वक़्त चुभता
भी है ,
जैसे पहाड़ चढ़ते वक़्त
कोई काँटा चुभ जाता है पाँव में,
वक़्त के पहाड़ में
और असल में फ़र्क़ इतना है
कि असल पहाड़
से हम उतर जाते हैं।
वक़्त का पहाड़ अनंत मालूम होता है ,
जैसे कभी ख़त्म न होगा,
लेकिन हम वहाँ से उतर नहीं पाते
बस हम ख़त्म हो जाते है ,
वैसे ही जैसे पांडव हो गए थे
रविवार, 12 जनवरी 2014
नुक्ताचीं
ये साबित करना
कि आप अच्छे हैं
कभी कभी मुश्किल
हो जाता है ,
लोग आपकी चुप्पी को
आपका घमंड साबित
करते हैं।
पर हमारे दिल में क्या है
उसे पढ़ने की मशीन
कहाँ है उनके पास,
नुक्ताचीं है ग़म-ए -दिल
जैसा ग़ालिब कह गए
लोग तो बस
नुक्ताचीं
रहेंगे।
अंदर बैठा डर
जो सबसे पहले
ख़त्म होना चाहिए
वो है
उनके
अंदर बैठा डर
किसी अहित होने से पहले
उसके होने
का एहसास
लोगों को
वक़्त से पहले मार देता है।
फिर वो
हर बात
हर शख्स
को संशय की नज़र
से देखते हैं।
अगर जीवन है
तो हमे इन ख़तरों का सामना
करना चाहिए।
सुरक्षित जीवन
जैसी किसी अवधारणा
का कोई आधार नहीं ,
जैसा किसी ने
कहा है कि
जहाज़ बंदरगाह में
सुरक्षित तो है
पर उसका निर्माण इस
लिए नहीं हुआ है।
मंगलवार, 10 दिसंबर 2013
धूप नहीं निकलती आजकल ,
सुनसान है
साल का आखिरी
समय
पूरे साल की धूप
ख़त्म हो गयी है ,
कुहरा अब अंदर भी है
और बाहर भी ,
कुछ समय बाद सूरज
निकले शायद।
तब तक हो सकता
है
सीलन आ जायेगी
दीवारों में ,
और कुछ कुछ दिल में
भी आ जाए इस ठण्ड में ,
धूप नहीं निकलती आजकल ,
दिल भी थोड़ी
गर्मी की तलाश करता है।
"एकला चलो रे "
खुद को पूरा करने के
लिए किसी और होना
क्यों ज़रूरी है ?
क्या हम पूरे नहीं हैं
अपने आप में ?
ढूंढते रहते हैं सहारे हम
क्या ये सहारे हमें वाक़ई
दे सकते हैं
लम्बी दूरी तय करने
की ताकत ?
कितनी आसानी से
कह देते हैं कि अकेले
हैं हम ,
और नहीं सामना कर सकते
ज़िंदगी कि मुश्किलों का
क्या मुश्किलें इतनी बड़ी हैं ?
अकेले सामने करें तो शायद
ढेर हो जायेंगे
पर ये टकराहट ही तो भरोसा
जगाती है कि
अगर न टूटे तो ?
अगर नहीं बिखरे और लड़
पाये
तो क्या ये बहुत बड़ी जीत नहीं है ,
विश्वास तभी तो बढ़ता है
जब हम अकेले चलते है
टैगोर भी तो कहते थे ,
"एकला चलो रे "
तो बिना डरे चलते हैं
जीवन तो ऐसे भी नश्वर है ,
ख़त्म होना शुरुआत से
बुरा तो नहीं होगा।
शुक्रवार, 6 दिसंबर 2013
ग़ज़ल,
तुझे देखूं तो , जादू सा असर होता है ,
कौन कहता है , इश्क़ आसान सफ़र होता है।
उसकी बातें मुझे फूल सी लगती है ,
लोग कहते हैं , उसकी बातों में ज़हर होता है।
हम तो कबसे अपने हाथ उठाये हुए हैं दुआ में ,
जब से जाना है , कि दुआओं में असर होता है।
सबके चहरे से नक़ाब हट जाता है तब,
दिल जब किसी का , दर बदर होता है।
शेर,
१.
शिकायत बहुत है यूँ तो ज़माने से मुझ को ,
मगर इज़हार करके हम वक़्त ज़ाया नहीं करते।
२.
मेरी क़िस्मत चाहे टूटी फूटी हो ,
चाहे जैसी हो मेरे अख्तियार में रहे।
३.
कहाँ उलझे हुए हो ख्यालों में ,
ज़िंदगी नींद में नहीं चलती।
ख्वाब
थोड़ी सी तेज़ रफ़्तार
भागने पर मजबूर कर देती है।
ज़िंदगी की रेस में पीछा
करना पड़ता है ख़्वाबों का ,
कुछ ख्वाब बस दिन भर
के लिए होते हैं ,
अगर वक़्त पे उनपे
ध्यान न दिया ,
तो
वो भीड़ में गुम हो जाते हैं।
नए ख्वाब पुरानो
से ज़यादा तेज़ दौड़ते हैं ,
पुराने कुछ अलसा से
जाते है , वक़्त के साथ ,
और फिर अपनी मौत मर जाते हैं।
जिस रफ़्तार से ख्वाब अपना
चेहरा बदलते हैं ,
हमे उनके पीछे टुकटुकी लगाये
ध्यान देना पड़ता है ,
दौड़ना पड़ता है।
नई पोस्ट
पुराने पोस्ट
मुख्यपृष्ठ
सदस्यता लें
संदेश (Atom)