बुधवार, 13 अगस्त 2014

ग़ज़ल,

अब किसी हाल में न बदलेंगे ज़माने वाले,
चाहे फिर जान से क्यूँ न चले जाएँ, जाने वाले।

इश्क़ मज़हब है यक़ीनन, मगर ये मत मानो,
मुठ्ठी भर लोग हो तुम, लाखों हैं सताने वाले।

तुम तारीख बदलने का हुनर तो रखते हो,
कहाँ मिटते हैं मगर, तारीख मिटाने वाले।

सच कह के हार जाते हैं जो हैं दिलवाले,
झूठ कह कर के बचा लेते हैं, बहाने वाले।

आग हर कोई लगा देता है फ़िक्र मत करना,
बड़ी मुश्किल से पर मिलते हैं, बुझाने वाले।

किसी का इंतज़ार मत करना, उम्र भर ऐ दिल,
बहाने ढूंढ ही लेते हैं , न आने वाले।

लफ़्ज़ों का क़ैदख़ाना

वही अलफ़ाज़ बार बार
क्यों आते हैं ,

नए लफ्ज़ भी तो हैं
जो आ सकते हैं इस्तेमाल में,

लेकिन ज़िंदगी ऐसी लगती है
जैसे लफ़्ज़ों का क़ैदख़ाना हो।

और वही लफ्ज़ इस्तेमाल हो
पाते हैं जो उस चारदीवारी के अंदर हों।

और वो अलफ़ाज़ जो खुली
हवा में सांस ले रहे होते हैं बाहर,

वो दूर नज़र आते हैं।

दिल करता है कि उनको
भी ज़िन्दगी की किताब में पैबस्त कर दूँ।

क्या आज़ादी किताब में लिखी जा सकती है ?

बेचैनी

बेचैनी होना ज़रूरी है। 
दुनिया में कितनी चीज़ें हैं
जो बेचैन करने को काफी हैं।

दूसरों का दर्द,
कुछ की बेरुखी,
रोज़मर्रा के हालात
अच्छे तो किसी को नहीं लगते।

लोग सहमे डरे
जीते रहते हैं उम्मीद के सहारे। 

साथ यूँ तो कोई नहीं होता ,
पर ये बेचैनी अकेले लड़ने 
में मदद करती है। 

बुधवार, 6 अगस्त 2014

ग़ज़ल,

ज़िंदगी का हिसाब रखते हैं
लोग इसकी किताब  रखते हैं।

जिनको ख्याल है और थोड़ी फ़िक्र भी
वो अपने हिस्से अज़ाब रखते हैं।

अपनी ख्वाहिशें कम नहीं करते
लोग आरज़ूएं बेहिसाब रखते हैं।

लोग उनसे नहीं पूछेंगे सवाल
जो अपने पास जवाब रखते हैं।

वो अंधेरों से फिर नहीं डरते
जो दिलों में आफताब रखते हैं।


बुधवार, 30 जुलाई 2014

ग़ज़ल,

तुम भी कह लो तुम्हें जो कहना है
हम भी सुन लें और चुप हो जाएँ

ज़िंदगी है , तो उलझनें भी होंगी
क्या करें अगर न खो जाएँ

किसी के हिस्से तो आना है मुझको
नहीं अपने तो तेरे हो जाएँ

रात इतना तो करम कर मुझ पर
ख्वाब आएं न आएं हम सो जाएँ


रविवार, 20 जुलाई 2014

ग़ज़ल,

इक दफे चांद मुस्कुरायेगा , 
इक दफे तुम भी मुस्कुरा देना।

फिर से इस बार घनी उदासी में, 
तुम उम्मीदों के गीत गा देना।

ख्वाब चाहें हो न हों पूरे ,
उनकी तस्वीर तुम बना देना।

लोग तो दर्द बाँटते रहेंगे ,
तुम उस दर्द की दवा देना।

खो के उम्मीद जो बैठे है उनको
तुमपे लाज़िम है सहारा देना।

गुरुवार, 13 मार्च 2014

पॉलिटिकल शायरी

सियासी दौर में अलग़ रंग हैं हुक्मरानों के
ख़ून के रंग को पान का दाग़ बताते हैं।

---

तुमने टिकट न दिया तो छोड़ जायेंगे
सियासी पहलवान लड़ते हैं पाला बदल-बदल के।

---


सोमवार, 3 मार्च 2014

गर थाली आप की खाली है

गर थाली आप की खाली है
तो सोचना होगा कि खाना कैसे खाओगे

ये आप पर है कि पलट दो सरकार को उल्टा
जब तक कि खाली पेट नहीं भरता

अपनी मदद
आप करो
किसी का इंतज़ार न करो  

यदि काम नहीं है  और आप हो गरीब
तो खाना कैसे होगा ये आप पर है
सरकार आपकी हो ये आप पर है

पलट दो उल्टा सर नीचे और टाँगे ऊपर
आप पर है कि पलट दो सरकार को उल्टा

-बर्तोल्त ब्रेख्त

शुक्रवार, 28 फ़रवरी 2014

ग़ज़ल,

शक़ नहीं है तुझ पर, मगर यक़ीं भी नहीं
सर ए आसमाँ न दिखा, पैरों तले ज़मीं भी नहीं।

तुझको होगा ये मुग़ालता कि तू है कोई ,
मै देख पाया वजूद अपना, पर कहीं भी नहीं।

दिल पे बातों से असर होता है नफ्स के जितना,
कर पाती है असर उतना, महज़बीं भी नहीं।

ज़िंदगी रोज़ कहाँ ज़िंदा रखती है हमें "शाहिद"
रोज़ मर जाएँ हम, कुछ ऐसे आदमी भी नहीं।

-  शाहिद अंसारी